भारत को ओलंपिक में पहली बार एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक दिलाने वाले नीरज चोपड़ा से प्रेरित होकर उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन राज्य भर में जैवलिन थ्रोअर तैयार करने के लिए अभियान चलाएगी। अभियान के तहत राज्य भर में जैवलिन थ्रो की प्रतियोगिताएं करायी जाएंगी। जैवलिन थ्रो के कोच भी तैयार होंगे। उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ के सचिव पीके श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य में रोहित यादव, जय कुमार जैसे प्रतिभाशाली जैवलिन थ्रोअर हैं। वहीं जैवलिन थ्रोअर शिवपाल टोक्यो ओलंपिक भी खेल चुके हैं।
जिला एथलेटिक्स संघ विशेष रूप से जैवलिन थ्रो की प्रतियोगिता कराएंगे। इसमें अण्डर-14 से लेकर सीनियर महिला एवं पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता होगी। इस प्रतियोगिता को ‘जैवलिन चैलेंज का नाम दिया जाएगा। जिले में चुने हुए जैवलिन थ्रोअर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर पर चुने थ्रोअर राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए मण्डलीय खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति का गठन किया जाएगा।