जरुरी बातें
राजधानी में कोरोना संक्रमण की रफ्तार में तो कमी आयी है लेकिन इसी बीच डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। शहर में डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच गुरुवार को और 11 लोगों में डेंगू के संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, डेंगू से बचाव के लिए उठाये गए कई उपायों और अभियानों के बावज़ूद भी लखनऊ के इस सीजन में कुल 1550 डेंगू से संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है, जो एक चिंता का विषय है।
लखनऊ की 6 महिलाओं और 5 पुरुषों में हुई है डेंगू की पुष्टि
रिपोर्ट के हवाले से, लखनऊ का इंदिरा नगर, अलीगंज, सिल्वर जुबली, तुरियागंज, एएनके रोड, रेडक्रॉस, मलिहाबाद, चन्दर नगर, सरोजिनी नगर और ऐशबाग वो प्रमुख स्थान हैं जहां डेंगू का प्रकोप और जगहों के मुक़ाबले अधिक है। गुरुवार को 6 महिलाओं और 5 पुरुषों में डेंगू की पुष्टि हुई है जिनमें कुछ वृद्ध लोग भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है।
इसी बीच डेंगू के प्रकोप को नियंत्रण में करने के लिए ज़िले में युद्धस्तर पर घर-घर जाकर निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। कई स्वास्थ्य दल पहले से ही पूरे लखनऊ में घर-घर जाकर सर्वेक्षण कर रहे हैं ताकि डेंगू के मामलों और इससे सम्बंधित लक्षणों की लोगों में पहचान की जा सके। स्वास्थ्य दलों ने विशेष रूप से एक ही दिन में 3828 घरों का निरीक्षण किया है और 3 घरों को नोटिस जारी कर उन्हें घर और आसपास के क्षेत्र में डेंगू की आशंका के खिलाफ चेतावनी भी दी है।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमों ने डेंगू को फैलने से रोकने के अपने अभियान के तहत लखनऊ के सफदलबाग और कुर्मित में लार्वा रोधी छिड़काव और फॉगिंग अभियान भी चलाया है।