इंदौर से दुबई की पहली अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट को महामारी के चलते अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया था, अब एयर इंडिया ने इसे फिर से शुरू करने की तैयारी कर ली है। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दुबई की सीधी उड़ान एक सितंबर से दुबारा शुरू होने जा रही है। एयर इंडिया की यह फ्लाइट हर सप्ताह बुधवार को बंगलुरु से इंदौर के लिए उड़ान भरेगी और इंदौर से सीधे दुबई जाएगी। इस यात्रा के लिए यात्रियों को सुरक्षा के लिहाज से कोविड की जांच कराना अनिवार्य होगा।
एयर इंडिया ने जुलाई 2019 में पहली बार इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान को शुरू किया था
यह विमान भारतीय समय अनुसार सुबह 9.45 बजे बंगलुरु से उड़ान भरेगा और 11.35 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेगा। इंदौर से 12.35 बजे उड़ान भरकर दोपहर 3.05 दुबई पहुंचेगा। दुबई से भारतीय समय अनुसार शाम 4.05 बजे विमान इंदौर के लिए उड़ान भरेगा। यह विमान रात 8.55 को इंदौर आएगा और यहां से रात 9.55 बजे बंगलुरु के लिए उड़ेगा। रात 11.45 बजे विमान बंगलुरु पहुंचेगा।
आपको बता दें, एयर इंडिया ने जुलाई 2019 में पहली बार इंदौर से दुबई के लिए इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान को शुरू किया था, जिसके बाद में कोराेना महामारी के कारण इस उड़ान को बंद करना पड़ा। दो साल बाद प्रदेश की यह पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान फिर शुरू होने जा रही है। पहले सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को इसका संचालन होता था, लेकिन अब केवल सप्ताह में एक दिन बुधवार को ही यह फ्लाइट चलेगी।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के कारण शहर से सरकारी विमान सेवा के अलावा निजी कंपनियों ने कई उड़ानें बंद कर दी गई थी। लेकिन अब परिस्थितियां बेहतर हो रही हैं, ऐसे में फिर से विमान सेवा बहाल हो रही हैं