मुख्य बिंदु
दुनिया के हर देश के हर शहर की कोई न कोई खासियत होती ही है। कहीं का खाना बेहद स्वादिष्ट होता है तो किसी शहर की खूबसूरती देखने लायक होती है। कई अन्य चीजें भी होती है जिससे शहर की अपनी एक खास पहचान होती है। हाल ही में एक सोशल एक्सपेरिमेंट में मुंबई को भारत का सबसे ईमानदार शहर के खिताब से नवाजा गया है।
यह जानकारी महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra & Mahindra) के मालिक आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) ने ट्वीट करके दी है। पूरी दुनिया में एक सोशल एक्सपेरिमेंट किया गया था जिसका नाम ‘द वॉलेट एक्सपेरिमेंट’ (The Wallet Experiment) था।
रीडर डाइजेस्ट मैग्जीन ने किया सोशल एक्सपेरिमेंट
रीडर डाइजेस्ट (‘Reader’s Digest’) नाम के एक मीडिया हाउस ने दुनिया के कई शहरों में एक सोशल एक्सपेरिमेंट किया। इस एक्सपेरिमेंट के जरिये यह पता लगाने की कोशिश की गई कि दुनिया का कौन सा शहर सबसे ईमानदार है, वहां के लोगों की सोच कैसी है मानसिकता कैसी है ? इसे लेकर The Wallet Experiment नाम से एक कैंपेन की शुरुआत हुई। इस सोशल एक्सपेरिमेंट में रीडर्स डाइजेस्ट ने दुनिया के 16 बड़े शहरों में कुल 192 वॉलेट यानी पर्स को जानबूझकर गुमा दिया। इस कड़ी में हर शहर में 12 वॉलेट जानबूझकर इधर-उधर सार्वजनिक जगहों में छोड़ दिये गये थे। इन सभी वॉलेट्स देश की करेंसी के हिसाब से 50 डॉलर (यानी 3,600 रुपये) कैश भी रखा गया था। साथ में लोगों के नाम, उनके परिवार की जानकारी, बिजनेस कार्ड, फेमिली फोटो, फोन नंबर, कूपन और ऑफिस का पता भी रखा गया ताकि अगर वॉलेट किसी को मिले और अगर वह ईमानदारी से लौटना चाहे तो लौटा सके।
लौटाए गए वॉलेट्स के आधार पर शहरों को उनकी ईमानदारी की रैंकिंग मिली
इन वॉलेट्स को दुनिया की अलग-अलग जगहों पर जानबूझकर गिरा दिया गया और इस फिर इंतजार किया गया कि किस देश के किस शहर में कितने वॉलेट ईमानदारी से लोगों तक वापस पहुंचाए गए। इस अनोखे एक्सपेरिमेंट में सिर्फ मुंबई में जानबूझकर गिराए गए 12 पर्स में से 9 वॉलेट्स वापस मिले। और इसी के साथ मुंबई इस सोशल एक्सपेरिमेंट में दुनिया का दूसरा ईमानदार शहर चुना गया। वहीं फिनलैंड के हेलिंस्की (Helsinki) में 12 में से 11 वॉलेट्स सही सलामत दिए हुए पते पर वापस पहुंचे और वो दुनिया का सबसे ईमानदार शहर पाया गया। सूची में न्यूयॉर्क (New York ) और बुडापेस्ट (Budapest) में 12 में से 8, मॉस्को (Moscow) और एम्सटर्डम (Amsterdam) में 12 में से 7, बर्लिन (Berlin ) और ल्यूबलियाना (Ljubljana) में 12 में से 6, लंदन (London) 12 में से 5 वॉलेट्स ही वापस आए।